राजधानी दिल्ली के कृष्णा नगर इलाके में सुबह के समय एक महिला से लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बदमाशों ने महिला को घेरकर उसके साथ लूटपाट की और विरोध करने पर उसके सिर पर पिस्टल की बट से हमला कर दिया।

जानकारी के अनुसार, पीड़िता कनिका सुबह करीब 7:30 बजे अपनी बेटी को स्कूल बस में बैठाकर घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में बदमाशों ने उसे रोक लिया और सोने के कंगन लूटने लगे। महिला द्वारा विरोध करने पर बदमाशों ने उसके सिर पर हमला कर दिया।

लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। जाते समय उन्होंने इलाके में दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग भी की, जिससे आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही कृष्णा नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।