कुछ समय पहले रवि किशन का एक मीम सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था, जिसमें वह कहते नजर आए थे कि उन्होंने अभी दुनिया को अपनी कला का सिर्फ छोटा सा नमूना दिखाया है और आगे उन्हें लोगों को और दीवाना बनाना है। अब उनका मौजूदा दौर देखकर लगता है कि यह मीम उन पर बिल्कुल सटीक बैठ रहा है। एक के बाद एक दमदार प्रोजेक्ट्स में नजर आ रहे रवि किशन ने ‘मिर्जापुर द मूवी’ में भी अपनी अदाकारी का जबरदस्त असर छोड़ा है।

अली फजल, दिव्येंदु शर्मा और पंकज त्रिपाठी स्टारर ‘मिर्जापुर द मूवी’ हाल ही में सिनेमाघरों में रिलीज हुई है। इस बार कहानी में गद्दी की लड़ाई के बीच एक नए बाहुबली बब्बन बबुआ की एंट्री होती है, जिसका किरदार रवि किशन ने निभाया है। फिल्म के प्रमुख विलेन के तौर पर उनकी मौजूदगी कहानी में नया जोश और रोमांच लेकर आती है।
फिल्म में रवि किशन की एंट्री को देखकर शुरुआत में ऐसा लग सकता है कि मेकर्स उनकी लोकप्रियता को भुनाने के लिए उन्हें कहानी में लेकर आए हैं। लेकिन जैसे-जैसे फिल्म आगे बढ़ती है, यह बात साफ होती जाती है कि बब्बन बबुआ के किरदार के लिए रवि किशन से बेहतर चुनाव शायद मुश्किल था। उनका अंदाज, संवाद अदायगी और स्क्रीन प्रेजेंस किरदार को अलग स्तर पर ले जाते हैं।
रवि किशन की सबसे बड़ी ताकत उनका लंबा अनुभव है। फिल्मों और टीवी में वर्षों तक काम करने के बाद वह अच्छी तरह जानते हैं कि किसी दृश्य में किस तरह के एक्सप्रेशन और बॉडी लैंग्वेज की जरूरत होती है। ‘मिर्जापुर द मूवी’ में भी उन्होंने इसका भरपूर इस्तेमाल किया है। उनके हर डायलॉग और लगभग हर सीन में अलग-अलग भाव देखने को मिलते हैं, जिससे किरदार और ज्यादा प्रभावशाली बनता है।
खास बात यह है कि रवि किशन ने बब्बन बबुआ को किसी भी मोड़ पर कमजोर नहीं पड़ने दिया। शुरुआत से लेकर क्लाइमैक्स तक उनका दबदबा कायम रहता है। फिल्म के आखिरी हिस्से में तो वह पूरी तरह से लाइमलाइट अपने नाम कर लेते हैं। गुड्डू पंडित और मुन्ना भइया के किरदारों में नजर आ रहे अली फजल और दिव्येंदु शर्मा के सामने भी रवि किशन का बाहुबल और स्क्रीन प्रेजेंस भारी पड़ता दिखाई देता है।

क्लाइमैक्स के एक्शन सीक्वेंस में रवि किशन का अंदाज खास तौर पर दर्शकों को खूब पसंद आया। उनके एक्शन और डायलॉग्स पर थिएटर में जमकर सीटियां और तालियां बजती हैं। बब्बन बबुआ के किरदार में उन्होंने ऐसा भौकाल कायम किया है, जो फिल्म खत्म होने के बाद भी याद रह जाता है।
‘मिर्जापुर द मूवी’ की कहानी पुनीत कृष्णा ने लिखी है, जो लोकप्रिय ‘मिर्जापुर’ सीरीज के लेखक भी रहे हैं। फिल्म का निर्देशन सीरीज के निर्देशक गुरमीत सिंह ने किया है, जबकि फरहान अख्तर इसके प्रोड्यूसर हैं। फिल्म में रवि किशन की मौजूदगी ने ‘मिर्जापुर’ की दुनिया में एक नया और दमदार रंग जोड़ दिया है।


