मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता को अपना नया विजेता मिल गया है। डोमिनिकन रिपब्लिक की मॉडल जोहेरी मोल डोमिंग्वेज ने 73वें मिस वर्ल्ड का खिताब अपने नाम कर लिया है। फाइनल में उन्होंने स्पेन की मॉडल एलिसाबेथ रेयनेस और मलेशिया की तानुसिया चेट्टी को पीछे छोड़ते हुए यह प्रतिष्ठित ताज हासिल किया। एलिसाबेथ रेयनेस फर्स्ट रनर-अप और तानुसिया चेट्टी सेकंड रनर-अप रहीं।
जोहेरी मोल को पिछले साल की मिस वर्ल्ड और थाईलैंड की ओपल सुचाता चुआंगसरी ने विजेता का ताज पहनाया। ताज पहनाए जाने के दौरान जोहेरी बेहद भावुक नजर आईं। उनकी आंखों में खुशी के आंसू थे और ओपल ने उन्हें गले लगाकर मिस वर्ल्ड बनने की बधाई दी। ओपल सुचाता अपने देश की पहली ऐसी प्रतियोगी बनी थीं, जिन्होंने 72वीं मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता का खिताब जीता था।
मिस वर्ल्ड 2026 में भारत का प्रतिनिधित्व मध्य प्रदेश की निकिता पोरवाल ने किया। उन्होंने प्रतियोगिता में शानदार शुरुआत करते हुए टॉप-40 में अपनी जगह बनाई, लेकिन टॉप-20 राउंड में उनका सफर समाप्त हो गया। प्रतियोगिता में उनके शामिल होने के बाद से ही भारतीय दर्शकों को उनसे काफी उम्मीदें थीं, लेकिन वह देश के लिए मिस वर्ल्ड का ताज जीतने में कामयाब नहीं हो सकीं।

मिस वर्ल्ड 2026 का ग्रैंड फिनाले शनिवार को वियतनाम के न्हा ट्रांग में आयोजित किया गया, जहां दुनिया भर की प्रतिभागियों के बीच कड़े मुकाबले के बाद जोहेरी मोल को विजेता चुना गया।
भारत की बात करें तो देश को आखिरी बार 2017 में मिस वर्ल्ड का खिताब मिला था, जब बॉलीवुड अभिनेत्री मानुषी छिल्लर ने यह ताज जीता था। उनसे पहले प्रियंका चोपड़ा ने साल 2000 में मिस वर्ल्ड का खिताब अपने नाम किया था। भारत की रीटा फारिया ने 1966 में, ऐश्वर्या राय ने 1994 में, डायना हेडन ने 1997 में और युक्ता मुखी ने 1999 में मिस वर्ल्ड का ताज जीता था। साल 1999 और 2000 में भारत ने लगातार दो साल यह प्रतिष्ठित खिताब जीतकर इतिहास रचा था।
मिस वर्ल्ड या अन्य बड़े ब्यूटी पेजेंट का खिताब जीतने वाली कई भारतीय सुंदरियों ने बाद में बॉलीवुड में भी अपनी पहचान बनाई। ऐश्वर्या राय, प्रियंका चोपड़ा और मानुषी छिल्लर इसके प्रमुख उदाहरण हैं। अब सबकी नजरें निकिता पोरवाल पर हैं कि क्या वह भी भविष्य में एक्टिंग की दुनिया में कदम रखती हैं या अपने करियर के लिए कोई अलग राह चुनती हैं।



