होर्मुज स्ट्रेट में अमेरिका की कार्रवाई के बीच पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ता जा रहा है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड के मुताबिक, 2 सितंबर तक अमेरिकी नौसेना ने नाकेबंदी लागू करते हुए 86 कमर्शियल जहाजों का रास्ता बदला, 3 जहाजों को निष्क्रिय किया और 2 जहाजों पर सवार होकर जांच की।

इसी बीच यमन में ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने 10 बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। यमनी सूत्रों के अनुसार, इनमें ज्यादातर मिसाइलें ताइज प्रांत के मोखा शहर की ओर दागी गईं, जबकि कुछ हमलों का निशाना होदेइदाह प्रांत का अल-खोखा क्षेत्र रहा।
मोखा में हाल के हफ्तों में ड्रोन हमले भी हुए हैं। ताजा मिसाइल हमले ऐसे समय में हुए हैं, जब हूती विद्रोहियों और यमनी सरकारी बलों के बीच जमीनी संघर्ष भी तेज होने की खबर है।
यमनी सूत्रों के मुताबिक, हूती लड़ाकों ने ताइज के अल-कदहा-अल-बराह इलाके में जमीनी हमला भी किया, जिसे सरकारी बलों ने नाकाम कर उन्हें पीछे हटने पर मजबूर कर दिया।
होर्मुज में अमेरिकी कार्रवाई और यमन में हूती हमलों के बीच क्षेत्र में सैन्य तनाव लगातार गहराता नजर आ रहा है।


