मेरठ में किसान नेता दिग्विजय भाटी से कथित मारपीट के मामले में नए SSP बीबीजीटीएस मूर्ति ने पदभार संभालने के बाद कार्रवाई की है। सिविल लाइंस थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार गौड़ समेत आठ पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है। पुलिस के अनुसार, सोशल और प्रिंट मीडिया में सामने आए पुलिसकर्मियों द्वारा एक व्यक्ति से कथित मारपीट के मामले को गंभीरता से लिया गया है। प्रकरण की जांच ADG मेरठ जोन के निर्देश पर DIG सहारनपुर रेंज द्वारा की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए संबंधित पुलिसकर्मियों को थाने से हटाकर लाइन हाजिर किया गया है।

मामला 19 अगस्त का बताया जा रहा है, जब दिग्विजय भाटी और उनके साथी मोहित जाटव कथित तौर पर SSP कार्यालय पहुंचे थे। आरोप है कि वहां उनके साथ मारपीट की गई और बाद में SOG कार्यालय ले जाकर भी दुर्व्यवहार किया गया। दिग्विजय भाटी ने शरीर और आंख समेत कई जगह चोट लगने का दावा किया है। शुक्रवार को सपा विधायक अतुल प्रधान ने दोनों के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कार्रवाई की मांग की थी। इसी बीच पूर्व SSP अविनाश पांडेय को मेरठ से हटाकर DGP मुख्यालय, लखनऊ से संबद्ध किया गया और झांसी के पूर्व SSP बीबीजीटीएस मूर्ति को मेरठ की जिम्मेदारी दी गई। पुलिस के मुताबिक, जांच पूरी होने के बाद सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



