कांग्रेस छोड़कर समाजवादी पार्टी में शामिल हुए शायान मसूद ने अपने ससुर और सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के राजनीतिक रुख पर सवाल उठाए हैं। लखनऊ में अखिलेश यादव की मौजूदगी में सपा की सदस्यता लेने के बाद शायान ने कहा कि वह इमरान मसूद की विचारधारा से सहमत नहीं हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका फैसला व्यक्तिगत नहीं बल्कि राजनीतिक और वैचारिक सोच पर आधारित है। 2024 के लोकसभा चुनाव में शायान ने इमरान मसूद के पक्ष में सक्रिय रूप से प्रचार किया था, ऐसे में उनका सपा में जाना सहारनपुर की राजनीति में महत्वपूर्ण बदलाव माना जा रहा है।
शायान ने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में उत्तर प्रदेश में बीजेपी को रोकने के लिए समाजवादी पार्टी सबसे मजबूत विकल्प है और 2027 का विधानसभा चुनाव उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने अखिलेश यादव के नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए कहा कि पार्टी जो भी जिम्मेदारी देगी, उसे निभाएंगे। शायान के सपा में शामिल होने के बाद उनके विधानसभा चुनाव लड़ने को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है, हालांकि इस पर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।



