भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के सेंट्रल बोर्ड में उद्योगपति आनंद महिंद्रा और इसरो के पूर्व अध्यक्ष एस. सोमनाथ को अंशकालिक गैर-आधिकारिक निदेशक नियुक्त किया गया है। केंद्र सरकार के फैसले के मुताबिक दोनों की नियुक्तियां 20 अगस्त 2026 से प्रभावी हुई हैं। आनंद महिंद्रा को लगातार दूसरी बार चार साल के कार्यकाल के लिए बोर्ड में जगह मिली है, जबकि एस. सोमनाथ का कार्यकाल भी चार साल या अगले आदेश तक रहेगा, जो भी पहले हो। सोमनाथ के शामिल होने से बोर्ड में तकनीकी और अंतरिक्ष क्षेत्र का व्यापक अनुभव भी जुड़ा है।

इन नियुक्तियों के बाद RBI के सेंट्रल बोर्ड में कुल 11 सदस्य हो गए हैं, जिनमें गवर्नर संजय मल्होत्रा और चार डिप्टी गवर्नर समेत छह गैर-आधिकारिक निदेशक शामिल हैं। RBI का सेंट्रल बोर्ड केंद्रीय बैंक के कामकाज और नीतिगत प्रशासन का शीर्ष निकाय है। इसमें RBI के वरिष्ठ अधिकारी के साथ केंद्र सरकार द्वारा विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों को गैर-आधिकारिक निदेशक के रूप में नामित किया जाता है। आम तौर पर इन निदेशकों का कार्यकाल चार साल का होता है।



