प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में पार्टी की नवगठित राष्ट्रीय टीम के पदाधिकारियों से मुलाकात की। भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने प्रधानमंत्री का स्वागत किया। 17 अगस्त को नई राष्ट्रीय टीम की घोषणा के बाद यह प्रधानमंत्री और नए पदाधिकारियों के बीच पहली औपचारिक मुलाकात थी। 65 सदस्यीय टीम में 51 नए चेहरों को शामिल किया गया है। बैठक के बाद पीएम मोदी ने इसे नए विचारों और दृष्टिकोणों के साथ संगठन को मजबूत करने वाला संवाद बताया।

बैठक के दौरान संगठन को मजबूत करने और आम लोगों, खासकर युवाओं तक पार्टी की पहुंच बढ़ाने पर विशेष ध्यान रहा। इससे पहले नितिन नबीन ने भी नई टीम के साथ बैठक में युवाओं के साथ लगातार संवाद की जरूरत पर जोर दिया था। भाजपा की ओर से Gen Z तक पहुंच बनाने के लिए विशेष कार्यक्रम और टीम तैयार करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। पार्टी आगामी चुनावों को देखते हुए जमीनी स्तर पर संपर्क और संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत करने पर भी जोर दे रही है।



