अंतरराष्ट्रीय और घरेलू क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर चुके अजिंक्य रहाणे अब विदेशी फ्रेंचाइजी क्रिकेट में नजर आएंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, 38 वर्षीय रहाणे पहली यूरोपियन टी20 प्रीमियर लीग (ETPL) के उद्घाटन सत्र में Amsterdam Flames की ओर से खेलेंगे। उन्हें टीम ने अपना मार्की प्लेयर चुना है। रहाणे ने 30 जुलाई को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और भारतीय घरेलू क्रिकेट से संन्यास लिया था, जिसके बाद BCCI के नियमों के तहत उनके लिए विदेशी फ्रेंचाइजी लीग में खेलने का रास्ता खुल गया। ETPL का पहला सीजन 26 अगस्त से 20 सितंबर तक आयरलैंड, स्कॉटलैंड और नीदरलैंड्स की संयुक्त मेजबानी में खेला जाएगा।
Amsterdam Flames की कप्तानी ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर मिचेल मार्श करेंगे। इस लीग में रविचंद्रन अश्विन, ग्लेन मैक्सवेल और मिचेल सेंटनर जैसे बड़े खिलाड़ी भी अलग-अलग टीमों से जुड़े हैं, जबकि राहुल द्रविड़ डबलिन गार्डियंस के सह-मालिक हैं। रहाणे ने भारत के लिए 85 टेस्ट, 90 वनडे और 20 टी20 इंटरनेशनल खेले और तीनों फॉर्मेट में 8,414 रन बनाए। उनके करियर की सबसे बड़ी उपलब्धियों में 2020-21 ऑस्ट्रेलिया दौरे की कप्तानी शामिल है, जहां भारत ने उनकी अगुवाई में टेस्ट सीरीज 2-1 से जीती थी। IPL में भी रहाणे ने 212 मैचों में 5,367 रन बनाए हैं।




