नीदरलैंड्स क्रिकेट टीम के विकेटकीपर-बल्लेबाज स्कॉट एडवर्ड्स ने कप्तानी छोड़ने का फैसला किया है। उनका यह निर्णय ऐसे समय आया है जब नीदरलैंड्स ICC क्रिकेट वर्ल्ड कप लीग-2 में मजबूत स्थिति में है और 2027 वनडे विश्व कप क्वालिफायर में जगह बनाने की दौड़ में शामिल है। रॉयल डच क्रिकेट एसोसिएशन (KNCB) ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर एडवर्ड्स के फैसले की जानकारी दी। 29 वर्षीय एडवर्ड्स ने टीम के खिलाड़ियों के सामने कहा कि काफी विचार-विमर्श के बाद उन्हें लगा कि अब कप्तानी छोड़कर एक खिलाड़ी के तौर पर टीम में ज्यादा योगदान देने का समय है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह फैसला किसी विवाद या दबाव की वजह से नहीं, बल्कि अपने प्रदर्शन और टीम के भविष्य को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। जून 2022 में कप्तानी संभालने के बाद एडवर्ड्स ने नीदरलैंड्स को कई यादगार जीत दिलाईं, जिनमें 2022 टी20 विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे पर जीत तथा 2023 वनडे विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका और बांग्लादेश को हराना शामिल है।
एडवर्ड्स के पद छोड़ने के बाद ऑलराउंडर बास डी लीडे को वर्ल्ड कप लीग-2 के बाकी मुकाबलों के लिए टीम की कमान सौंपी गई है। नीदरलैंड्स को आगे ओमान और यूएई के खिलाफ अहम मुकाबले खेलने हैं। बास डी लीडे ने एडवर्ड्स के नेतृत्व की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने मुश्किल परिस्थितियों में भी खिलाड़ियों पर भरोसा बनाए रखा और टीम के आत्मविश्वास को मजबूत किया। एडवर्ड्स ने 56 वनडे और 50 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में नीदरलैंड्स की कप्तानी की है। उनकी कप्तानी में टीम ने 24 वनडे और 23 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले जीते। फिलहाल नीदरलैंड्स वर्ल्ड कप लीग-2 की अंकतालिका में दूसरे स्थान पर है, जबकि शीर्ष चार टीमें 2027 वनडे विश्व कप क्वालिफायर के लिए जगह बनाएंगी। ऐसे में बास डी लीडे के सामने टीम की मौजूदा स्थिति को बनाए रखने की बड़ी चुनौती होगी।




