दिल्ली और महाराष्ट्र में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की समय-सीमा एक बार फिर बढ़ा दी गई है। चुनाव आयोग ने दोनों राज्यों में घर-घर सत्यापन और एन्यूमरेशन फॉर्म जमा करने की अंतिम तारीख बढ़ाकर 17 अगस्त 2026 कर दी है। इससे उन मतदाताओं को अतिरिक्त समय मिल गया है, जो अब तक SIR प्रक्रिया के तहत अपना फॉर्म जमा नहीं कर पाए हैं। दोनों राज्यों में यह दूसरी बार है जब आयोग ने समय-सीमा में विस्तार किया है।
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार दिल्ली और महाराष्ट्र में SIR के बाद ड्राफ्ट मतदाता सूची 24 अगस्त को जारी की जाएगी, जबकि दावों और आपत्तियों की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंतिम मतदाता सूची 27 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित होगी। आयोग ने अधिकारियों को संशोधित कार्यक्रम के अनुसार सत्यापन प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं। ऐसे में जिन मतदाताओं ने अभी तक एन्यूमरेशन फॉर्म नहीं भरा है, उनके पास अब इसे पूरा करने के लिए अतिरिक्त समय है।




