दिल्ली सरकार ने पुराने कपड़ों के दोबारा इस्तेमाल और जरूरतमंदों तक उनकी पहुंच सुनिश्चित करने के लिए ‘अर्पण योजना’ शुरू की है। इस पहल के तहत मेट्रो स्टेशनों पर विशेष केंद्र बनाए गए हैं, जहां लोग अपने साफ और पहनने योग्य पुराने कपड़े जमा कर सकते हैं। पहले चरण में मयूर विहार फेज-1, पंजाबी बाग वेस्ट, शालीमार बाग, शाहदरा, रोहिणी वेस्ट, हौज खास, लाजपत नगर, मालवीय नगर, द्वारका और मोहन एस्टेट मेट्रो स्टेशनों को शामिल किया गया है। इन केंद्रों पर सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक कपड़े दान किए जा सकते हैं।
कपड़े जमा करने के लिए केंद्र पर लगे स्कैनर को स्कैन कर नाम, मोबाइल नंबर और कपड़ों का वजन दर्ज करना होगा। इसके बाद कपड़ों की छंटाई की जाएगी। अच्छी स्थिति वाले कपड़े जरूरतमंदों तक पहुंचाए जाएंगे, जबकि बाकी कपड़ों को रिसाइकिल या अपसाइकिल कर बैग, धागे और अन्य उपयोगी सामान में बदला जाएगा। सरकार और सहयोगी संस्थाओं की इस पहल का उद्देश्य कपड़ों को लैंडफिल में जाने से रोकने के साथ-साथ उन्हें दोबारा उपयोग में लाना और रोजगार के अवसर पैदा करना है।




