दिल्ली-एनसीआर में लगातार हो रही मानसूनी बारिश के बीच गुरुवार को राजधानी के कई इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई। इसी दौरान प्रीत विहार इलाके में एक विशाल बरगद का पेड़ अचानक गिर गया। पेड़ के नीचे खड़ी तीन कारें दब गईं। घटना का वीडियो भी सामने आया है। राहत की बात यह है कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

पिछले तीन दिनों से दिल्ली-एनसीआर में बारिश का दौर जारी है और गुरुवार को ऑफिस आवर्स के दौरान कई इलाकों में बारिश तेज हो गई। दिल्ली के अलावा नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद और फरीदाबाद में भी बारिश दर्ज की गई, जिसके कारण कई सड़कों पर यातायात प्रभावित हुआ। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर में अगले कुछ दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।



