पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के स्वात जिले में रविवार को शांति मार्च के दौरान हुए विस्फोट में 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि 18 लोग घायल हुए हैं। धमाका काबल टाउन में पुलिस स्टेशन के पास उस समय हुआ, जब स्थानीय आदिवासी परिषद ‘स्वात अमन जिरगा’ की ओर से इलाके में बिगड़ती सुरक्षा व्यवस्था के विरोध और शांति की मांग को लेकर मार्च निकाला जा रहा था। मृतकों में पांच पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। विस्फोट के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और पुलिस तथा राहत टीमों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

क्षेत्रीय पुलिस अधिकारी (RPO) मलकंद के मुताबिक, शुरुआती जांच में घटना के पीछे आत्मघाती हमले की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। शुरुआती जानकारी में पुलिस बल को हमले का संभावित निशाना बताया जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियों ने घटनास्थल को घेरकर जांच और साक्ष्य जुटाने का काम शुरू कर दिया है। फिलहाल किसी भी आतंकी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। अधिकारियों ने आशंका जताई है कि गंभीर रूप से घायल लोगों के कारण मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।



