ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के कारण होर्मुज जलडमरूमध्य में सुरक्षा कड़ी हो गई है, जिससे वैश्विक समुद्री व्यापार प्रभावित हो रहा है। इसी बीच भारतीय ध्वज वाला एलपीजी वाहक जहाज 'नंदा देवी' सुरक्षित रूप से होर्मुज जलडमरूमध्य पार कर कतर के रास लाफान बंदरगाह की ओर रवाना हुआ। रिपोर्ट के अनुसार, 7 जुलाई को इस मार्ग से गुजरने वाला यह एकमात्र एलपीजी जहाज था। एसएंडपी ग्लोबल के आंकड़ों के मुताबिक, जहाजों की आवाजाही स्थिर रही, लेकिन कई जहाज सुरक्षा कारणों से इस मार्ग से गुजरने से बचते नजर आए।

हाल के दिनों में कमर्शियल जहाजों पर हुए हमलों और अमेरिका-ईरान के बीच जवाबी सैन्य कार्रवाई ने क्षेत्र में तनाव और बढ़ा दिया है। अमेरिकी हमलों के बाद ईरान ने बहरीन और कुवैत स्थित अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाया, जबकि अमेरिका ने ईरान के तेल निर्यात से जुड़ी छूट भी समाप्त कर दी है। ऐसे माहौल में भारतीय जहाज 'नंदा देवी' की खाड़ी में वापसी को रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि होर्मुज जलडमरूमध्य में बढ़ता तनाव वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति और समुद्री व्यापार के लिए चिंता का विषय बना हुआ है।



