द्वारका सेक्टर-18 स्थित वेंकटेश्वर अस्पताल के बाहर लगातार लगने वाले ट्रैफिक जाम को लेकर स्थानीय निवासियों ने चिंता जताई है। उनका कहना है कि अस्पताल के सामने दोनों ओर करीब 500 मीटर तक वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं, जिससे एंबुलेंस और मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचने में गंभीर दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
निवासियों के अनुसार, अस्पताल में भूमिगत पार्किंग होने के बावजूद बड़ी संख्या में वाहन सड़क किनारे खड़े कर दिए जाते हैं, जिससे सड़क संकरी हो जाती है और जाम की समस्या बढ़ जाती है। आसपास कई स्कूल होने के कारण स्कूल खुलने और छुट्टी के समय यातायात का दबाव और अधिक बढ़ जाता है।
स्थानीय लोगों ने दिल्ली ट्रैफिक पुलिस और अस्पताल प्रशासन से संयुक्त रूप से स्थायी समाधान निकालने की मांग की है। उनका कहना है कि अस्पताल तक जाने वाले मार्ग हमेशा सुचारु रहने चाहिए, क्योंकि आपातकालीन स्थिति में कुछ मिनटों की देरी भी मरीजों के लिए गंभीर साबित हो सकती है।




