दिल्ली के रंजीत नगर थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच की मदद से जहरखुरानी और लूट के एक ब्लाइंड केस का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी बस स्टैंड पर अकेले खड़े यात्रियों को निशाना बनाते थे। पहले वे उन्हें ऑटो में बैठने के लिए तैयार करते, फिर कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला देते और बेहोश होने पर नकदी, मोबाइल व अन्य सामान लूटकर सुनसान जगह पर छोड़कर फरार हो जाते थे।
जांच के दौरान पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल ऑटो-रिक्शा, चोरी की नकदी, मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजकुमार उर्फ राज और कासिम उर्फ सलमान के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि गिरोह दिहाड़ी मजदूरों और बाहर से आने वाले यात्रियों को विशेष रूप से निशाना बनाता था। पुलिस के अनुसार, कासिम के खिलाफ पहले से लूट, जहरखुरानी और आर्म्स एक्ट समेत कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
फिलहाल दोनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गिरोह ने दिल्ली के अन्य इलाकों में कितनी वारदातों को अंजाम दिया है। शुरुआती जांच में बरामद मोबाइल फोन अन्य थानों में दर्ज लूट और जहरखुरानी के मामलों से भी जुड़े पाए गए हैं।



