प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा भीषण गर्मी के दौरान जरूरतमंद लोगों को पेयजल उपलब्ध कराने की अपील के जवाब में ISKCON द्वारका ने दिल्ली भर में शुद्ध एवं शीतल पेय पदार्थों के वितरण का एक व्यापक अभियान शुरू किया है।

‘फूड फॉर लाइफ’ (Food for Life) कार्यक्रम के अंतर्गत ISKCON द्वारका से जुड़े हजारों श्रद्धालु और स्वयंसेवक शहर के विभिन्न स्थानों पर लोगों को ठंडा पेयजल, ठंडाई, नींबू पानी और छाछ वितरित कर रहे हैं। इस सेवा अभियान में मंदिर से जुड़े कई परिवार भी सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं और भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को राहत पहुंचाने में सहयोग कर रहे हैं।
इस अवसर पर ISKCON द्वारका के अध्यक्ष प्रद्युम्न प्रिय दास ने अभियान को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी श्रद्धालुओं और स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से इस सेवा कार्य में जुड़ने और गर्मी के मौसम में जरूरतमंदों को स्वच्छ एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध कराने में सहयोग करने की अपील भी की।

दिल्ली में जारी गर्मी और लू के बीच यह पहल लोगों के लिए राहत का माध्यम बन रही है। स्थानीय निवासियों ने इस सेवा अभियान की सराहना करते हुए इसे सामाजिक उत्तरदायित्व और मानव सेवा की उत्कृष्ट मिसाल बताया है।
ISKCON द्वारका का यह प्रयास न केवल जरूरतमंद लोगों की प्यास बुझा रहा है, बल्कि समाज में सेवा, करुणा और सामुदायिक सहयोग की भावना को भी मजबूत कर रहा है।


