देश की सबसे बड़ी एयरलाइन IndiGo ने बढ़ती परिचालन लागत और कमजोर मांग को देखते हुए छह अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों के लिए अपनी उड़ानें अस्थायी रूप से निलंबित करने का फैसला किया है। एयरलाइन के अनुसार, 1 जुलाई से Langkawi, Krabi और Ho Chi Minh City के लिए उड़ानें बंद कर दी जाएंगी। वहीं 3 जुलाई से Hong Kong, Shanghai और Siem Reap के लिए सेवाएं भी रोक दी जाएंगी। यह निलंबन 30 सितंबर तक प्रभावी रहेगा।

एयरलाइन ने स्पष्ट किया है कि इन सभी रूटों की टिकट बुकिंग 1 अक्टूबर से दोबारा शुरू कर दी जाएगी। यदि बाजार में मांग बेहतर होती है तो सेवाओं को निर्धारित समय से पहले भी बहाल किया जा सकता है। कंपनी का कहना है कि जुलाई से सितंबर की तिमाही आमतौर पर अंतरराष्ट्रीय यात्रा के लिहाज से अपेक्षाकृत कमजोर रहती है, जबकि ईंधन और संचालन लागत लगातार बढ़ रही है।

इंडिगो ने यह भी कहा कि इन रूटों के बंद होने के बावजूद वह हर सप्ताह 1,800 से अधिक अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का संचालन जारी रखेगी। कंपनी अपने अधिकांश वैश्विक नेटवर्क को यथावत रख रही है और भविष्य के निर्णय बाजार की स्थिति, एयरस्पेस प्रतिबंधों तथा परिचालन लागत की समीक्षा के बाद लिए जाएंगे।

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही इंडिगो ने 31 अगस्त से Manchester के लिए अपनी उड़ानें बंद करने की घोषणा की थी। एयरलाइन ने इसके पीछे पश्चिम एशिया में जारी तनाव, एयरस्पेस प्रतिबंधों और बढ़ती लागत को प्रमुख कारण बताया था। प्रभावित यात्रियों को रिफंड या वैकल्पिक यात्रा विकल्प उपलब्ध कराए जाएंगे।

