प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने पांच देशों के विदेश दौरे के तहत नीदरलैंड्स का सफल दौरा समाप्त कर अब स्वीडन पहुंच चुके हैं। नीदरलैंड्स दौरे के दौरान भारत और नीदरलैंड्स के बीच रक्षा, सेमीकंडक्टर, ग्रीन हाइड्रोजन, क्रिटिकल मिनरल्स, ऊर्जा, कृषि और तकनीक समेत कई अहम क्षेत्रों में कुल 17 बड़े समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए हैं। द हेग में हुई द्विपक्षीय बैठक में पीएम मोदी और नीदरलैंड्स के प्रधानमंत्री डिक शूफ (डच पीएम) ने दोनों देशों के संबंधों को स्ट्रैटिजिक पार्टनरशिप तक बढ़ाने का ऐतिहासिक एलान किया। इस सफल दौरे के बाद डच प्रधानमंत्री खुद पीएम मोदी को विदा करने एयरपोर्ट तक आए, जिसे दोनों देशों के बीच मजबूत होते रिश्तों के प्रतीक के रूप में देखा जा रहा है।

दौरे के बाद जारी संयुक्त बयान में दोनों देशों के नेताओं ने पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति, विशेषकर होर्मुज स्ट्रेट में बढ़ते तनाव और वैश्विक ऊर्जा सप्लाई पर इसके असर को लेकर गहरी चिंता जताई। दोनों नेताओं ने होर्मुज स्ट्रेट में 'फ्रीडम ऑफ नेविगेशन' यानी सुरक्षित और खुले समुद्री मार्ग का समर्थन करते हुए आतंकवाद के खिलाफ सख्त रुख अपनाने पर जोर दिया। इसके अलावा, दोनों देशों के बीच 'डिफेंस इंडस्ट्रियल रोडमैप' और ग्रीन हाइड्रोजन के विकास के लिए एक बड़ा रोडमैप तैयार करने पर सहमति बनी है। बैठक के दौरान यूक्रेन युद्ध पर भी चर्चा हुई, जहां दोनों नेताओं ने इस बात को दोहराया कि रूस-यूक्रेन संघर्ष का समाधान सिर्फ बातचीत और कूटनीति के जरिए ही संभव है।
नीदरलैंड्स की यात्रा पूरी करने के बाद प्रधानमंत्री मोदी स्वीडन के गोटेबर्ग एयरपोर्ट पहुंचे, जहां स्वीडन के प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टरसन ने उनका भव्य स्वागत किया। स्वीडन के एयरस्पेस में प्रवेश करते ही प्रधानमंत्री मोदी के विमान को स्वीडन के लड़ाकू विमानों (जेट्स) ने एस्कॉर्ट कर सुरक्षा प्रदान की। गोटेबर्ग के होटल में कदम रखते ही वहां मौजूद प्रवासी भारतीयों ने पारंपरिक बंगाली लोक नृत्य और आरती के साथ पीएम मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया, जिसे देखकर प्रधानमंत्री भावविभोर हो गए।
स्वीडन दौरे की सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि स्वीडन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपने देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'रॉयल ऑर्डर ऑफ पोलर स्टार कमांडर ग्रैंड क्रॉस' से नवाजा है। स्वीडन के प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पीएम मोदी के दौरे पर खुशी जाहिर करते हुए लिखा, 'मेरे मित्र, स्वीडन में एक बार फिर आपका हार्दिक स्वागत है। दो लोकतंत्र, एक मजबूत संबंध।' स्वीडन दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी कई अन्य महत्वपूर्ण और वैश्विक मुद्दों पर द्विपक्षीय वार्ता का हिस्सा बनेंगे।



