फेसबुक की मूल कंपनी मेटा ने अपने कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित स्मार्ट चश्मे ‘मेटा रे-बैन डिस्प्ले’ के लिए कई नए फीचर्स की घोषणा की है. इन नए बदलावों के बाद उपयोगकर्ता बिना मोबाइल निकाले और बिना किसी कीबोर्ड को छुए केवल हाथों के इशारों से संदेश टाइप कर सकेंगे.
करीब छह महीने पहले पेश किए गए इस स्मार्ट चश्मे के साथ कंपनी ने अब एक विशेष ‘न्यूरल रिस्टबैंड’ भी जोड़ा है. यह बैंड हाथों और उंगलियों की गतिविधियों को पहचानकर उन्हें डिजिटल कमांड में बदल देता है. इसकी मदद से उपयोगकर्ता हवा में अक्षरों की आकृति बनाकर टाइपिंग कर पाएंगे. उदाहरण के तौर पर, किसी अक्षर को लिखने के लिए उसी आकार में उंगलियां घुमानी होंगी.
मेटा के अनुसार यह तकनीक बिना किसी भौतिक या डिजिटल कीबोर्ड के संदेश लिखने का अनुभव देगी. नया फीचर विभिन्न संदेश सेवा मंचों जैसे व्हॉट्सऐप, मैसेंजर, इंस्टाग्राम और अन्य मोबाइल संदेश अनुप्रयोगों के साथ काम करेगा.
कंपनी ने इसके अलावा कई अन्य सुविधाएं भी जोड़ी हैं, जिनमें बेहतर दिशा-निर्देशन, स्क्रीन रिकॉर्डिंग और लाइव कैप्शन को विस्तारित करने जैसे फीचर्स शामिल हैं. इन बदलावों का उद्देश्य स्मार्ट चश्मे को अधिक उपयोगी और सहज बनाना है.
हालांकि, फिलहाल मेटा रे-बैन डिस्प्ले भारतीय बाजार में बिक्री के लिए उपलब्ध नहीं है.


