दिल्ली के द्वारका इलाके में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां सेक्टर-24 स्थित गोल्फ कोर्स के तालाब में डूबने से तीन बच्चों की मौत हो गई। तीनों बच्चे कथित तौर पर नहाने के लिए तालाब में गए थे, जहां यह हादसा हो गया।

पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 7:07 बजे पीसीआर कॉल के जरिए घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन दल मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि लगभग 8 से 10 वर्ष की आयु के तीन बच्चों को तालाब से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। बच्चों के कपड़े तालाब के बाहर मिले, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि वे नहाने के लिए पानी में उतरे थे।

फिलहाल, बच्चों की पहचान की प्रक्रिया जारी है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि वे किस इलाके के रहने वाले थे।
हादसे के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं इस घटना ने गोल्फ कोर्स क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि तालाब के आसपास पर्याप्त सुरक्षा घेरा और चेतावनी संकेत नहीं हैं, जिससे इस तरह की घटनाएं हो सकती हैं।
स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त सुरक्षा उपाय किए जाएं।