दिल्ली-एनसीआर के कई हिस्सों में बुधवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ली, जहां तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। इस बदलाव ने पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से लोगों को राहत दिलाई है। नोएडा समेत आसपास के इलाकों में भी हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।

मौसम विभाग के अनुसार, 29 और 30 अप्रैल को राजधानी में बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। इसके लिए यलो अलर्ट भी जारी किया गया है।

तेज हवाओं और बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। सोमवार रात चली धूल भरी आंधी के बाद पारा 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया था। अधिकतम तापमान 39.2°C और न्यूनतम तापमान 28.4°C दर्ज किया गया।

मौसम विभाग का कहना है कि 1 और 2 मई को मौसम साफ रहने के आसार हैं, जिससे तापमान फिर बढ़ सकता है। वहीं 3 और 4 मई को एक बार फिर बादल छाने और हल्की बारिश की संभावना है।
बताया जा रहा है कि 2 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिसका असर दिल्ली-एनसीआर समेत मैदानी इलाकों में देखने को मिलेगा। अगले कुछ दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा।