दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के अमर कॉलोनी इलाके में बुधवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक वरिष्ठ आईआरएस अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

पुलिस के अनुसार, मृतका के माता-पिता सुबह करीब 6 से 6:30 बजे के बीच जिम के लिए घर से बाहर गए थे। इसी दौरान घर में वारदात को अंजाम दिया गया। जब वे वापस लौटे तो बेटी को मृत अवस्था में पाया, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

गला घोंटकर हत्या की आशंका

मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में मृतका के सिर और गर्दन पर चोट के निशान पाए गए हैं। पुलिस को शक है कि हत्या गला घोंटकर की गई, जिसमें मोबाइल चार्जर की तार का इस्तेमाल किया गया हो सकता है।
दुष्कर्म की आशंका, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार
इस मामले में दुष्कर्म के बाद हत्या की भी आशंका जताई जा रही है। हालांकि, इसकी पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
पूर्व घरेलू सहायक पर शक
जांच के दौरान पुलिस को घर में पहले काम करने वाले एक घरेलू सहायक पर संदेह है, जिसकी पहचान राहुल मीणा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उसे करीब डेढ़ महीने पहले नौकरी से निकाल दिया गया था।
पुलिस को शक है कि आरोपी ने पुरानी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया और घटना के बाद फरार हो गया।
यूपीएससी की कर रही थी तैयारी
मृतका ने इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी कर ली थी और वह संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की तैयारी कर रही थी। वह अपने माता-पिता की इकलौती संतान थी। इस घटना के बाद परिवार गहरे सदमे में है।
जांच जारी, आरोपी की तलाश तेज
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि जल्द से जल्द आरोपी तक पहुंचा जा सके।