पिछले सप्ताह भारतीय शेयर बाजार में शानदार तेजी देखने को मिली, जिसका असर देश की सबसे मूल्यवान कंपनियों के बाजार पूंजीकरण पर भी पड़ा। टॉप-10 कंपनियों में से 9 का संयुक्त मार्केट कैप करीब 2.51 लाख करोड़ रुपये बढ़ गया। इस दौरान सेंसेक्स 2,034.87 अंक यानी 2.67% चढ़कर बंद हुआ, जबकि निफ्टी में 616.15 अंक यानी 2.59% की बढ़त दर्ज की गई। कंपनियों में बजाज फाइनेंस सबसे बड़े लाभ में रही, जबकि रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारती एयरटेल, HDFC बैंक, ICICI बैंक, SBI, TCS, L&T और LIC के बाजार मूल्यांकन में भी बढ़ोतरी हुई। इसके विपरीत हिंदुस्तान यूनिलीवर का मार्केट कैप घट गया।

बजाज फाइनेंस के बाद भारती एयरटेल के बाजार पूंजीकरण में 44,959.50 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई, जिससे इसका मार्केट कैप 12,30,005.63 करोड़ रुपये पहुंच गया। TCS का मूल्यांकन 40,414.03 करोड़ रुपये बढ़कर 8,55,894.78 करोड़ रुपये और रिलायंस इंडस्ट्रीज का 39,447.35 करोड़ रुपये बढ़कर 17,69,108.79 करोड़ रुपये हो गया। L&T का मार्केट कैप भी 21,096.80 करोड़ रुपये बढ़कर 5,41,844.69 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। रेलिगेयर ब्रोकिंग के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (रिसर्च) अजीत मिश्रा के अनुसार, कच्चे तेल की कीमतों में नरमी, बेहतर भू-राजनीतिक माहौल, वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही के मजबूत नतीजों और विदेशी संस्थागत निवेशकों की खरीदारी से बाजार में निवेशकों का भरोसा बढ़ा है। इससे हाल की गिरावट का सिलसिला थमता नजर आया।



