समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश में चुनावी माहौल के बीच ज्योतिर्मठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया। करीब आधे घंटे चली इस मुलाकात में राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी, गोरक्षा और सनातन धर्म जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। मुलाकात के बाद अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि राम मंदिर में कथित चोरी की घटना धर्म के नाम पर हुए महापाप का प्रमाण है और इस मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
अखिलेश यादव ने कहा कि गोरक्षा और सनातन धर्म को लेकर गंभीर चर्चा हुई तथा शंकराचार्य भी गायों की स्थिति को लेकर चिंतित हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष की शिकायतों पर कार्रवाई नहीं होती, जबकि छोटे लोगों पर कार्रवाई कर बड़े आरोपियों को बचाया जा रहा है। राजनीतिक जानकार इस मुलाकात को 2027 विधानसभा चुनाव से पहले सपा की हिंदू समर्थक छवि मजबूत करने और भाजपा को धार्मिक मुद्दों पर घेरने की रणनीति के तौर पर देख रहे हैं।




