नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन के बीच कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने 20 जुलाई को संसद तक शांतिपूर्ण मार्च निकालने का ऐलान किया है। यह मार्च संसद के मानसून सत्र के पहले दिन आयोजित किया जाएगा। आंदोलनकारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच और पारदर्शी परीक्षा प्रणाली लागू करने की मांग कर रहे हैं।
जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक, जो जंतर-मंतर पर अनशन पर बैठे हैं, ने देशभर के छात्रों और नागरिकों से इस मार्च में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यदि लोग व्यवस्था में बदलाव चाहते हैं तो उन्हें केवल सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देने के बजाय आंदोलन का हिस्सा बनना चाहिए। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि उनका आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहेगा और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को संसद तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह मार्च निकाला जाएगा।




