दिल्ली के न्यू राजेंद्र नगर इलाके में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक घर के अंदर दो बुजुर्ग महिलाओं के शव मिले। घटना का खुलासा तब हुआ, जब घर में काम करने वाली मेड दो दिन बाद काम पर पहुंची और घर से तेज बदबू आने लगी।
जानकारी के मुताबिक, मेड पिछले दो दिनों से घर नहीं आई थी। बुधवार सुबह जब वह वापस पहुंची, तो घर के अंदर से बदबू महसूस हुई। कई बार आवाज लगाने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला, जिसके बाद आसपास के लोगों और पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घर का गेट तोड़ा, जिसके बाद अंदर दो महिलाओं के शव अलग-अलग जगहों पर पड़े मिले। मृतकों की पहचान करीब 78 वर्षीय सरोज बाला और लगभग 80 वर्षीय चंद्रकांता के रूप में हुई है। दोनों रिश्ते में परिजन थीं और लंबे समय से साथ रह रही थीं।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को शरीर पर किसी तरह के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। साथ ही घर में जबरन घुसने या लूटपाट के भी कोई संकेत नहीं पाए गए। पुलिस का कहना है कि फिलहाल हर एंगल से मामले की जांच की जा रही है।
बताया जा रहा है कि चंद्रकांता काफी समय से बिस्तर पर थीं, जबकि सरोज बाला उनकी देखभाल करती थीं। दोनों घर में अकेले रहती थीं। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, ताकि मौत की असली वजह का पता लगाया जा सके।
घटना के बाद इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और पड़ोसियों से पूछताछ की जा रही है।




