द्वारका जिले की एंटी-नारकोटिक्स सेल ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हेरोइन सप्लाई से जुड़े तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 446 ग्राम हेरोइन बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर उत्तम नगर इलाके में छापेमारी की गई। जांच के दौरान एक महिला समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ और तलाशी के दौरान हेरोइन बरामद हुई, जिसे कथित तौर पर दिल्ली के विभिन्न इलाकों में सप्लाई किया जाना था।
द्वारका जिले की एंटी-नारकोटिक्स टीम लंबे समय से इस गिरोह की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी। पुलिस का कहना है कि आरोपियों का संबंध नशा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क से हो सकता है और मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के जरिए अन्य संदिग्धों और सप्लाई चैन की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि युवाओं को नशे से बचाने और अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। इस कार्रवाई को क्षेत्र में नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।



