Delhi में भीषण गर्मी का दौर जारी है। राजधानी में तापमान 43 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है, लेकिन इसके बावजूद मौसम विभाग ने फिलहाल आधिकारिक तौर पर ‘हीटवेव’ घोषित नहीं की है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 28 मई तक लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली-NCR में अगले कई दिनों तक तेज गर्मी, गर्म हवाएं और उमस बनी रह सकती है। कुछ इलाकों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री के करीब पहुंचने की संभावना जताई गई है। हालांकि IMD का कहना है कि हीटवेव घोषित करने के लिए सिर्फ तापमान नहीं, बल्कि कई अन्य मौसम मानकों को भी देखा जाता है।
IMD के ताजा बुलेटिन के मुताबिक दिल्ली में 25 से 28 मई के बीच कई इलाकों में हीटवेव जैसी स्थिति रह सकती है। दिन के समय 20-30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चलने और कुछ स्थानों पर धूलभरी आंधी की भी संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और लंबे समय तक धूप में रहने से बचने की सलाह दी है। खासतौर पर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने को कहा गया है।
दिल्ली में इस बार रात का तापमान भी सामान्य से काफी ज्यादा बना हुआ है। रिपोर्ट्स के मुताबिक राजधानी ने मई महीने की सबसे गर्म रातों में से एक दर्ज की है, जिससे लोगों को रात में भी राहत नहीं मिल रही।


