तीन साल के लंबे इंतजार और कई निराशाओं के बाद फुटबॉल स्टार क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने आखिरकार अल-नस्र के साथ अपना पहला सऊदी प्रो लीग खिताब जीत लिया। रियाद के अलअव्वल पार्क में खेले गए मुकाबले में अल-नस्र ने दमाक एफसी को 4-1 से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की। इस जीत में रोनाल्डो ने दो शानदार गोल दागकर अहम भूमिका निभाई।

41 वर्षीय रोनाल्डो के लिए यह जीत बेहद खास और भावुक करने वाली रही। साल 2023 में अल-नस्र से जुड़ने के बाद टीम कई बार खिताब के करीब पहुंची, लेकिन हर बार चूक गई थी। इस बार जैसे ही अंतिम सीटी बजी, रोनाल्डो अपनी भावनाओं पर काबू नहीं रख सके और मैदान पर ही उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। उनका भावुक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मुकाबले के दूसरे हाफ में रोनाल्डो ने अपने अनुभव और क्लास का शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 62वें मिनट में पहला गोल दागा, जबकि 80वें मिनट में बेहतरीन फ्री-किक के जरिए दूसरा गोल कर जीत पक्की कर दी। इस दोहरे गोल के साथ उनके करियर गोलों की संख्या 974 तक पहुंच गई है। अब पूरी फुटबॉल दुनिया की नजर उनके 1000 गोल के ऐतिहासिक आंकड़े पर टिक गई है।
अल-नस्र के लिए यह सत्र आसान नहीं रहा। टीम को इससे पहले एएफसी चैंपियंस लीग टू के फाइनल में जापानी क्लब गाम्बा ओसाका के खिलाफ हार झेलनी पड़ी थी। वहीं अल-हिलाल के खिलाफ पिछला मुकाबला ड्रॉ रहने के कारण लीग खिताब की दौड़ अंतिम मैच तक पहुंच गई थी।

यह रोनाल्डो के करियर का आठवां घरेलू लीग खिताब है। इससे पहले वह मैनचेस्टर यूनाइटेड, रियल मैड्रिड और जुवेंटस जैसी बड़ी टीमों के साथ भी लीग ट्रॉफियां जीत चुके हैं। अब उनके प्रशंसक उम्मीद कर रहे हैं कि रोनाल्डो जल्द ही अपने 1000 गोल का सपना भी पूरा करेंगे।

