चुनाव आयोग ने राज्यसभा की खाली हो रही सीटों के लिए चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया है। देश के 12 राज्यों की कुल 26 सीटों पर चुनाव और उपचुनाव 18 जून को कराए जाएंगे। इनमें 24 सीटों पर द्विवार्षिक चुनाव होंगे, जबकि महाराष्ट्र और तमिलनाडु की दो सीटों पर उपचुनाव कराया जाएगा।
आयोग के अनुसार महाराष्ट्र में सुनेत्रा अजित पवार और तमिलनाडु में सीवी षण्मुखम की सीट पर उपचुनाव होंगे। वहीं नियमित चुनाव आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और गुजरात की चार-चार सीटों, राजस्थान और मध्यप्रदेश की तीन-तीन सीटों, झारखंड की दो सीटों तथा अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, मेघालय और मिजोरम की एक-एक सीट पर होंगे।
राज्यसभा से जिन नेताओं का कार्यकाल पूरा हो रहा है, उनमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, जनता दल सेक्युलर प्रमुख एचडी देवेगौड़ा और अरुणाचल प्रदेश से नबाम रेबिया जैसे बड़े नाम शामिल हैं।
चुनाव आयोग ने बताया कि इन चुनावों की अधिसूचना 1 जून को जारी की जाएगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 8 जून होगी। 18 जून को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान कराया जाएगा और उसी शाम मतगणना शुरू होगी। देर रात तक सभी परिणाम आने की संभावना है।

गुजरात की चार सीटों को लेकर राजनीतिक हलकों में सबसे ज्यादा चर्चा है। मौजूदा समय में यहां एक सीट कांग्रेस और तीन सीटें भाजपा के पास हैं। लेकिन विधानसभा में भाजपा के मजबूत संख्याबल को देखते हुए इस बार चारों सीटें भाजपा के खाते में जाती दिखाई दे रही हैं।

गुजरात विधानसभा में भाजपा के पास इस समय 162 विधायक हैं। इसके अलावा दो निर्दलीय विधायक भी भाजपा के समर्थन में माने जा रहे हैं। कांग्रेस के पास 12 विधायक, आम आदमी पार्टी के पास 4 और समाजवादी पार्टी के पास एक विधायक है। ऐसे में संख्या बल के आधार पर कांग्रेस के लिए सीट बचाना बेहद मुश्किल माना जा रहा है।
अगर ऐसा होता है तो गुजरात के इतिहास में पहली बार राज्यसभा में कांग्रेस का कोई प्रतिनिधि नहीं रहेगा। कांग्रेस नेता शक्ति सिंह गोहिल का कार्यकाल समाप्त होने के बाद राज्यसभा में गुजरात से पार्टी की मौजूदगी खत्म हो सकती है।


