IPL 2026 में अपनी तूफानी बल्लेबाजी से चर्चा में रहने वाले Vaibhav Sooryavanshi ने इस बार मैदान के बाहर भी फैंस का दिल जीत लिया है। राजस्थान रॉयल्स के 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज की मदर्स डे पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। गुजरात टाइटंस के खिलाफ मुकाबले से पहले वैभव ने अपनी मां के लिए एक भावुक संदेश साझा किया, जिसे फैंस खूब पसंद कर रहे हैं।

वैभव ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट करते हुए लिखा, “यह आपके लिए है, मां।” इस पोस्ट के साथ उन्होंने दो तस्वीरें साझा कीं। पहली तस्वीर में वह राजस्थान रॉयल्स की जर्सी में बल्ला पकड़े नजर आ रहे हैं, जबकि दूसरी फोटो में वह अपनी मां के साथ दिखाई दे रहे हैं। उनकी इस पोस्ट पर फैंस जमकर प्यार बरसा रहे हैं और सोशल मीडिया पर लगातार शेयर कर रहे हैं।

इस खास मौके पर Rajasthan Royals ने भी अपने खिलाड़ियों का एक विशेष वीडियो साझा किया, जिसमें खिलाड़ी अपनी मां को मदर्स डे की शुभकामनाएं देते नजर आए।

जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले गए IPL 2026 के 52वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स की टीम खास ऑल-पिंक जर्सी पहनकर मैदान में उतरी। यह फ्रेंचाइजी की “पिंक प्रॉमिस” पहल का हिस्सा था, जिसका उद्देश्य राजस्थान के ग्रामीण इलाकों में महिलाओं के नेतृत्व में सामाजिक बदलाव और सतत विकास को बढ़ावा देना है।
मदर्स डे के इस खास दिन वैभव ने बल्ले से भी शानदार प्रदर्शन किया। गुजरात टाइटंस के खिलाफ उन्होंने सिर्फ 16 गेंदों में 36 रन की तेजतर्रार पारी खेली, जिसमें तीन चौके और तीन छक्के शामिल रहे। मोहम्मद सिराज की पहली ही गेंद पर लगाया गया उनका लंबा छक्का सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ। हालांकि बाद में सिराज ने उन्हें आउट कर उनकी पारी का अंत किया।
15 साल के वैभव सूर्यवंशी इस सीजन राजस्थान रॉयल्स के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में शामिल हो चुके हैं। उन्होंने अब तक 11 पारियों में 440 रन बनाए हैं। उनका औसत 40 का रहा है, जबकि स्ट्राइक रेट 236.55 का शानदार है। इस सीजन में उनके बल्ले से एक शतक और दो अर्धशतक भी निकल चुके हैं।
इतना ही नहीं, वैभव ने पुरुष टी20 क्रिकेट में सबसे कम उम्र में और सबसे तेज 100 छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है। उन्होंने यह उपलब्धि सिर्फ 29 पारियों और 514 गेंदों में हासिल की है।