दिल्ली एयरपोर्ट पर गुरुवार दोपहर एक बड़ा विमान हादसा होते-होते टल गया। रनवे और पार्किंग एरिया के पास SpiceJet और Akasa Air के दो विमान आपस में टकरा गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों विमानों के विंग्स को नुकसान पहुंचा, लेकिन राहत की बात यह रही कि सभी यात्री और क्रू मेंबर सुरक्षित हैं।

4

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अकासा एयर का विमान पार्किंग एरिया में खड़ा था। इसी दौरान सामने से आ रहा SpiceJet का विमान उससे टकरा गया। हादसे के बाद विमान के अंदर मौजूद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और लोग घबरा गए।

हालांकि एयरपोर्ट स्टाफ और सुरक्षा टीम ने तुरंत स्थिति संभाल ली। किसी यात्री या क्रू सदस्य को चोट नहीं आई।
कैसे हुआ हादसा?
बताया जा रहा है कि यह घटना दोपहर करीब 2 बजे हुई। पार्किंग बे में खड़े विमान से दूसरे विमान की दूरी का सही आकलन नहीं हो पाया, जिसके चलते यह टक्कर हुई। हालांकि आधिकारिक जांच के बाद ही असली वजह सामने आएगी।
सामने आई तस्वीरें चौंकाने वाली
सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों में दोनों विमानों के विंग्स क्षतिग्रस्त दिखाई दे रहे हैं। तस्वीरें देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि अगर गति ज्यादा होती या समय रहते नियंत्रण नहीं होता, तो हादसा बड़ा रूप ले सकता था।
DGCA जांच कर सकता है
एविएशन नियमों के मुताबिक ऐसे मामलों में नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) जांच शुरू कर सकता है। एयरपोर्ट ऑपरेशन और ग्राउंड मूवमेंट की भी समीक्षा की जा सकती है।
यात्रियों ने ली राहत की सांस
घटना के बाद यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। एयरपोर्ट पर कुछ समय के लिए हलचल रही, लेकिन बाद में स्थिति सामान्य कर दी गई।