द्वारका, नई दिल्ली। द्वारका की अलग-अलग CGHS सोसायटियों के प्रतिनिधि नागरिक समस्याओं और उनके समाधान पर चर्चा के लिए एक साझा मंच पर जुटने जा रहे हैं। 13 सितंबर को आयोजित होने वाले विशेष Meet & Greet कार्यक्रम में सोसायटी प्रतिनिधियों के साथ जनप्रतिनिधियों और विभिन्न नागरिक एजेंसियों से जुड़े लोगों के शामिल होने की योजना है।
कार्यक्रम का उद्देश्य द्वारका में लंबे समय से सामने आ रही स्थानीय समस्याओं को व्यवस्थित तरीके से जिम्मेदार अधिकारियों और प्रतिनिधियों तक पहुंचाना है। बैठक Badwar CGHS, Plot No. 3, Sector 6, Dwarka में शाम 5 बजे प्रस्तावित है।
इस बैठक में अलग-अलग सेक्टरों और सोसायटियों के प्रतिनिधियों को अपनी समस्याएं रखने का अवसर मिलेगा। इनमें पानी की आपूर्ति, सुरक्षा, सड़कें, ड्रेनेज और वर्षा जल निकासी, NGटी से जुड़े निर्देशों का पालन तथा अन्य बुनियादी ढांचे से संबंधित विषय शामिल हैं।

बैठक का एक महत्वपूर्ण एजेंडा Federation of CGHS Dwarka Ltd. के कामकाज और विभिन्न सरकारी एजेंसियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने पर चर्चा करना भी है। आयोजकों का मानना है कि कई समस्याएं अलग-अलग सोसायटियों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि पूरे द्वारका क्षेत्र को प्रभावित करती हैं। इसलिए साझा मंच के जरिए उनका समाधान अधिक प्रभावी ढंग से तलाशा जा सकता है।
DJB, MCD और निर्वाचित प्रतिनिधियों के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने पर भी जोर रहेगा। बैठक में शामिल लोगों से सुझाव और व्यावहारिक समाधान साझा करने की अपील की गई है।

इस पहल का लक्ष्य शिकायतों की सूची तैयार करने तक सीमित नहीं, बल्कि निवासियों, सोसायटियों और संबंधित एजेंसियों के बीच नियमित और जवाबदेह संवाद की व्यवस्था विकसित करना है।





