भारत के खिलाफ 23 जुलाई से शुरू होने वाली तीन मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के लिए जिम्बाब्वे क्रिकेट (ZC) ने 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। हरारे स्पोर्ट्स क्लब में 23, 25 और 26 जुलाई को खेले जाने वाले तीनों मुकाबलों के लिए चयनकर्ताओं ने हाल ही में बांग्लादेश के खिलाफ खेली गई टी20 सीरीज की टीम में तीन बदलाव किए हैं।
तीन खिलाड़ियों की हुई वापसी
जिम्बाब्वे की टीम में ऑलराउंडर वेस्ली मदेवेरे की वापसी हुई है। इसके अलावा विकेटकीपर-बल्लेबाज तफाद्जवा त्सिगा को पहली बार टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम में जगह मिली है। वहीं तेज गेंदबाज न्यूमैन न्यामहुरी भी चोट से उबरने के बाद टीम में लौट आए हैं। हल्की चोट के कारण वह बांग्लादेश के खिलाफ हालिया टी20 सीरीज का हिस्सा नहीं बन सके थे।
तीन खिलाड़ियों को किया गया बाहर
न्यामहुरी की गैरमौजूदगी में टीम में शामिल किए गए तेज गेंदबाज तनाका चिवांगा ने अपनी जगह बरकरार रखी है। वहीं वेस्ली मदेवेरे, त्सिगा और न्यामहुरी के टीम में आने से क्लाइव मदांडे, टिनोटेंडा मापोसा और ताशिंगा मुसेकिवा को बाहर कर दिया गया है।

भारत को चुनौती देने उतरेगी जिम्बाब्वे
सिकंदर रजा की कप्तानी में जिम्बाब्वे की टीम मौजूदा टी20 विश्व चैंपियन भारत के खिलाफ मजबूत प्रदर्शन करने के इरादे से मैदान में उतरेगी। हाल ही में टीम ने घरेलू मैदान पर बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट मैच पारी के अंतर से जीता था और वनडे सीरीज भी 2-1 से अपने नाम की थी। हालांकि, टी20 सीरीज में बांग्लादेश ने वापसी करते हुए 2-1 से जीत दर्ज की थी।
जिम्बाब्वे की टी20 टीम
सिकंदर रजा (कप्तान), ब्रायन बेनेट, रयान बर्ल, तनाका चिवांगा, बेन करन, ब्रैड इवांस, वेस्ली मदेवेरे, तदिवानाशे मारुमानी, वेलिंग्टन मसाकाद्जा, ब्लेसिंग मुजरबानी, डियोन मायर्स, रिचर्ड नगरावा, न्यूमैन न्यामहुरी, मिल्टन शुम्बा और तफाद्जवा त्सिगा।

भारत की टीम

श्रेयस अय्यर (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा (उप-कप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, सूर्यांश शेडगे, रिंकू सिंह, हर्ष दुबे, रवि बिश्नोई, प्रिंस यादव, यश ठाकुर, अशोक शर्मा, मयंक यादव और प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर)।
भारत-जिम्बाब्वे टी20 सीरीज का कार्यक्रम

पहला टी20: 23 जुलाई – हरारे स्पोर्ट्स क्लब

दूसरा टी20: 25 जुलाई – हरारे स्पोर्ट्स क्लब
तीसरा टी20: 26 जुलाई – हरारे स्पोर्ट्स क्लब
तीनों मुकाबले हरारे में खेले जाएंगे, जहां भारत सीरीज जीतने के इरादे से उतरेगा, जबकि जिम्बाब्वे घरेलू परिस्थितियों का फायदा उठाकर उलटफेर करने की कोशिश करेगा।