आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय महिला टीम ने अपने अभियान की शानदार शुरुआत करते हुए पाकिस्तान को 64 रनों से मात दी। बर्मिंघम के एजबेस्टन क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए इस मुकाबले में कप्तान Harmanpreet Kaur की अगुवाई वाली टीम इंडिया ने हर विभाग में दबदबा दिखाया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने निर्धारित 20 ओवरों में मजबूत स्कोर खड़ा किया और पाकिस्तान को 171 रनों का लक्ष्य दिया। जवाब में पाकिस्तानी टीम भारतीय स्पिन आक्रमण के सामने टिक नहीं सकी और 17 ओवरों में 106 रन पर सिमट गई।
भारत की जीत की सबसे बड़ी नायिका रहीं Deepti Sharma, जिन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट अपने नाम किए। बल्लेबाजी में Smriti Mandhana ने 44 गेंदों पर 68 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 9 चौके और 2 छक्के शामिल रहे।

पाकिस्तान की ओर से सलामी बल्लेबाज Muneeba Ali ने सबसे ज्यादा 41 रन बनाए, लेकिन उन्हें दूसरे बल्लेबाजों का साथ नहीं मिला। आलिया रियाज ने 18 रन, जबकि गुल फिरोजा और आयशा जफर ने 12-12 रन बनाए। भारतीय स्पिनरों ने पाकिस्तान के 9 विकेट झटके, जिससे उनकी बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई।

भारतीय पारी की शुरुआत हालांकि अच्छी नहीं रही थी। टीम ने शुरुआती ओवरों में दो अहम विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद स्मृति मंधाना और हरमनप्रीत कौर ने तीसरे विकेट के लिए 91 रनों की अहम साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 35 गेंदों में 36 रन बनाए, जबकि अंत में विकेटकीपर बल्लेबाज Richa Ghosh ने तेजतर्रार बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 17 गेंदों में 34 रन जोड़े। उनकी पारी में पांच चौके और एक छक्का शामिल रहा, जिसने भारत के स्कोर को और मजबूती दी।
अब भारतीय टीम अपना अगला मुकाबला 17 जून को नीदरलैंड्स के खिलाफ खेलेगी। भारतीय टीम अब तक महिला टी20 वर्ल्ड कप का खिताब नहीं जीत सकी है। उसका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2020 में रहा था, जब टीम फाइनल तक पहुंची थी। इस बार टीम इंडिया पहली बार ट्रॉफी जीतने के इरादे से मैदान में उतरी है।

भारत और पाकिस्तान की महिला टीमों के बीच टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में भारत का दबदबा बरकरार है। दोनों के बीच अब तक खेले गए 17 मुकाबलों में भारत ने 14 जीत दर्ज की हैं, जबकि पाकिस्तान सिर्फ 3 बार जीत सका है।
